26 June, 2025
पवित्र अमरनाथ यात्रा के लिए इस वर्ष 3 जुलाई से श्रद्धालुओं का आगमन शुरू होने जा रहा है और प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। उधमपुर जिला प्रशासन ने तीर्थयात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए 26 आवास केंद्र तैयार किए हैं, जिनमें करीब 6,500 श्रद्धालुओं के ठहरने की क्षमता है।
डीसी सलोनी राय कर रहीं व्यवस्थाओं की निगरानी
जिला उपायुक्त सलोनी राय ने खुद तैयारियों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा, “हमने आवास केंद्रों में सभी जरूरी सुविधाएं जैसे पानी, शौचालय, भोजन, और सुरक्षा सुनिश्चित की हैं। किसी भी आपात स्थिति या मौसम खराब होने की दशा में तीर्थयात्रियों को यहाँ पूरी सुविधा मिलेगी।”
रेलवे स्टेशन पर भी सुविधा केंद्र
उधमपुर रेलवे स्टेशन पर RFID कार्ड सुविधा केंद्र भी स्थापित किया गया है, ताकि ट्रेन से आने वाले तीर्थयात्रियों को ट्रैकिंग और यात्रा में सहूलियत हो सके। इससे प्रशासन को यात्रियों की निगरानी और आवश्यक सहायता देने में आसानी होगी।
आवास केंद्रों पर तैनात रहेंगे अधिकारी
डीसी राय ने बताया कि सभी आवास केंद्रों पर प्रशासनिक अधिकारी तैनात किए गए हैं, जो यह सुनिश्चित करेंगे कि तीर्थयात्रियों को आरामदायक और सुरक्षित वातावरण मिल सके। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अमरनाथ यात्रा मार्ग उधमपुर से होकर गुजरता है, इसलिए यहाँ विशेष व्यवस्था की गई है।