Shimla-हिमाचल प्रदेश में 29 जून से भारी बारिश का नया दौर शुरू हो सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने इसके मद्देनज़र प्रदेश के कई जिलों के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। ऊना, बिलासपुर, कांगड़ा, सोलन और सिरमौर में भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका जताई गई है। विभाग के अनुसार, 26 जून से लेकर अगले सप्ताह तक पूरे प्रदेश में मौसम बिगड़ा रह सकता है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के मौसम वैज्ञानिक संदीप कुमार शर्मा के अनुसार, 26 जून से हिमाचल प्रदेश में मॉनसूनी गतिविधियों में तेज़ी आएगी। 26 और 27 जून को कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि 29 जून के बाद भारी बारिश का दौर और तेज़ होने की संभावना है।
इस दौरान ऊना, बिलासपुर, कांगड़ा, सोलन और सिरमौर में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। साथ ही मंडी, कुल्लू, चंबा और कांगड़ा जिलों में भी अच्छी बारिश का पूर्वानुमान है। इन सभी जिलों में विभाग ने अलर्ट जारी किया है। बारिश के कारण तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की कमी आई है। बीते 24 घंटे में ऊना में अधिकतम तापमान 33 डिग्री और ताबो में न्यूनतम 11 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।