चंडीगढ़ | पंजाब सरकार में कैबिनेट मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने अनुसूचित जाति (SC) वर्ग के 505 जरूरतमंद परिवारों को बड़ी राहत देते हुए करीब 8 करोड़ 72 लाख रुपये की कर्ज माफी के प्रमाण पत्र वितरित किए। इसी कार्यक्रम में “आशीर्वाद स्कीम” के अंतर्गत 140 लाभार्थियों को प्रत्येक 51,000 रुपये की दर से कुल 71.40 लाख रुपये की मंजूरी राशि भी दी गई।
इस अवसर पर डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि पंजाब सरकार समाज के कमजोर और जरूरतमंद तबकों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि यह पहली बार है जब राज्य का बजट आम लोगों के हितों को केंद्र में रखकर तैयार किया गया है और इसका असर जमीनी स्तर पर दिखाई दे रहा है।
डॉ. कौर ने जानकारी दी कि यह कर्ज माफी पंजाब अनुसूचित जाति भूमि विकास एवं वित्त निगम (PSCFC) द्वारा 31 मार्च 2020 तक दिए गए कर्जों पर लागू होगी। इससे एससी वर्ग और दिव्यांगजनों को आर्थिक रूप से बड़ी राहत मिलेगी। सरकार इन सभी लाभार्थियों को “नो ड्यूज” सर्टिफिकेट भी जारी कर चुकी है।
राज्य सरकार 30 अप्रैल 2025 तक के बकाया मूलधन, ब्याज और पेनल्टी सहित पूरा भुगतान PSCFC को करेगी। साथ ही निगम के नियमों के अनुसार कर्ज माफी के बाद इन लाभार्थियों से किसी भी तरह की वसूली नहीं की जाएगी।
डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि सरकार जनहित को सर्वोपरि मानकर हर वर्ग को लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है और यह कदम उसी दिशा में एक बड़ा प्रयास है।