रामगढ़ | जिले के पतरातू थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने कथित रूप से अपनी पत्नी को चलती ट्रेन से नीचे धकेल दिया। इस घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रेलवे कर्मी ने घायल महिला को देखा, तुरंत दी आरपीएफ को सूचना
घटना पतरातू थाना क्षेत्र के किरीगढा गांव के पास की है। रेलवे ट्रैक के पास एक नाले के पास महिला को लहूलुहान हालत में पड़ा देख एक रेलवे कर्मचारी ने तुरंत रेलवे सुरक्षा बल (RPF) को जानकारी दी। RPF मौके पर पहुंची और घायल महिला को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया।
लव मैरिज के बाद रिश्तों में आई दरार?
घायल महिला की पहचान खुशबू के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के गोरखपुर की निवासी बताई जा रही है। प्रारंभिक जांच के अनुसार, खुशबू और आरोपी पति ने लगभग एक साल पहले प्रेम विवाह किया था और दोनों गोरखपुर में साथ रह रहे थे। फिलहाल घटना के पीछे के कारणों की जांच की जा रही है।
पुलिस ने शुरू की जांच, पति की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलने के बाद पतरातू थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी पति की तलाश कर रही है, जो घटना के बाद से फरार है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।