मोईन | शनिवार को स्थानीय नाग मंदिर मोईन में धार्मिक श्रद्धा और उत्साह के साथ भंडारे का आयोजन किया गया। इस विशेष अवसर पर मंदिर के पुजारी अंकित शर्मा द्वारा विधिपूर्वक पूजा-अर्चना की गई। पूजा के पश्चात ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से हवन में आहुतियां डालते हुए क्षेत्र की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।
हवन पूजन के बाद मंदिर परिसर में पारंपरिक झंडा रस्म को भी पूरे विधि-विधान से संपन्न किया गया। ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया, जिससे वातावरण भक्तिमय और उत्साहपूर्ण बना रहा।
भंडारे के आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और ग्रामीण शामिल हुए। इस आयोजन ने गांव में आपसी एकता और सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया। ग्रामीणों का कहना था कि इस तरह के आयोजन न केवल धार्मिक भावना को सुदृढ़ करते हैं, बल्कि सामाजिक सहयोग और भाईचारे को भी मजबूत करते हैं।