वॉशिंगटन | अमेरिका ने अपने नागरिकों को ईरान की यात्रा न करने की कड़ी सलाह दी है। विदेश विभाग द्वारा जारी ताजा ट्रैवल एडवाइजरी में साफ कहा गया है कि मौजूदा हालात में ईरान की यात्रा करना बेहद खतरनाक हो सकता है। खास तौर पर ईरानी मूल के अमेरिकियों और दोहरी नागरिकता रखने वालों के लिए यह चेतावनी और भी अहम मानी जा रही है।
ईरानी-अमेरिकी नागरिकों के लिए जोखिम ज्यादा
विदेश विभाग की प्रवक्ता टैमी ब्रूस ने बताया कि ईरान सरकार दोहरी नागरिकता वालों को संदेह की निगाह से देखती है। ऐसे में ईरान जाने वाले ईरानी मूल के अमेरिकी नागरिकों को हिरासत में लिया जा सकता है, और तब अमेरिका की ओर से उन्हें कानूनी सहायता भी नहीं मिल पाएगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह सलाह सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दी गई है।
अमेरिका-ईरान के बिगड़ते रिश्तों के बीच चेतावनी
यह ट्रैवल एडवाइजरी ऐसे समय में जारी की गई है जब हाल ही में ईरान और इज़राइल के बीच सैन्य टकराव हुआ, जिसमें अमेरिका ने इज़राइल का समर्थन किया। इसके बाद से ईरान और अमेरिका के बीच कूटनीतिक तनाव और गहराया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, ईरान की ओर से अमेरिकी नेतृत्व को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं और धमकियां दी जा रही हैं।
आधिकारिक वेबसाइट लॉन्च, कई भाषाओं में उपलब्ध जानकारी
विदेश विभाग ने नागरिकों की सुविधा के लिए state.gov नाम की एक नई वेबसाइट लॉन्च की है, जहां विभिन्न देशों के लिए यात्रा संबंधी एडवाइजरी अनेक भाषाओं में उपलब्ध कराई गई हैं। अमेरिकियों से आग्रह किया गया है कि विदेश यात्रा से पहले वेबसाइट पर जाकर सलाह अवश्य पढ़ें।
ईरान-इज़राइल युद्ध के बाद तनाव चरम पर
गौरतलब है कि बीते महीने इज़राइल ने 12 जून को ईरान के परमाणु ठिकानों पर हमला किया था, जिसे अमेरिका का समर्थन प्राप्त था। इसके जवाब में ईरान ने भी सैन्य कार्रवाई की। दोनों देशों के बीच यह संघर्ष 12 दिनों तक चला और इसमें कतर की मध्यस्थता से सीजफायर हो पाया। हालांकि, अमेरिका और ईरान के बीच तनाव अब भी बरकरार है।