अमृतसर | अमृतसर के अटारी बॉर्डर के पास घरिंड़ा गांव में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार और ट्रैक्टर-ट्रॉली की आमने-सामने की टक्कर में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि कार के परखच्चे उड़ गए और तीनों युवक वाहन में बुरी तरह फंस गए।
मृतकों की पहचान विक्रमजीत सिंह (निवासी न्यू अमृतसर), मुनिश और कमलप्रीत सिंह (दोनों निवासी छेहरटा) के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, विक्रमजीत एक पेट्रोल पंप का मालिक था और बाकी दोनों उसके करीबी दोस्त बताए जा रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही थाना घरिंडा की पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। फायर ब्रिगेड की मदद से कार में फंसे शवों को बाहर निकाला गया और तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक तीनों की जान जा चुकी थी।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक सड़क पर मुड़ी और कार उससे टकरा गई। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और ट्रॉली चालक की तलाश जारी है। घटना ने पूरे इलाके को सदमे में डाल दिया है। तीन युवा जिंदगियों का यूं खत्म हो जाना हर किसी को झकझोर गया है।