अमृतसर | अमृतसर के श्री दरबार साहिब की परिक्रमा में श्रद्धालुओं से ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। गुरिंदर सिंह नामक एक व्यक्ति खुद को गाइड बताकर भोले-भाले श्रद्धालुओं से मोटी रकम वसूल रहा था। मामला तब खुला जब वह एक श्रद्धालु से पैसे को लेकर बहस में उलझ गया और विवाद बढ़ गया।
परिक्रमा में तैनात निगरान शमशेर सिंह शेरा ने बताया कि गुरिंदर सिंह उनके साथ भी दुर्व्यवहार कर रहा था। जब वह शिकायत दर्ज कराने गलियारा पुलिस चौकी पहुंचे तो गुरिंदर ने उनके साथ भी झगड़ा करने की कोशिश की। जांच में पता चला कि गुरिंदर सिंह गैरकानूनी रूप से गाइड बनकर लोगों से मोटा पैसा ऐंठ रहा था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए श्री दरबार साहिब के मैनेजर भगवंत सिंह धंगेड़ा ने इसे शिरोमणि कमेटी के फ्लाइंग विभाग को सौंप दिया। जांच में यह भी सामने आया कि ड्यूटी पर तैनात कुछ सेवक भी गुरिंदर के इस काम में मदद कर रहे थे।
फ्लाइंग विभाग अब इन सेवकों से भी पूछताछ कर रहा है। वहीं, शमशेर सिंह शेरा की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गुरिंदर सिंह को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।