नई दिल्ली | दिल्ली में सोमवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब दो प्रतिष्ठित स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली। चाणक्यपुरी स्थित नेवी चिल्ड्रन स्कूल और द्वारका के CRPF पब्लिक स्कूल में संदिग्ध कॉल्स आईं, जिनमें विस्फोटक होने की बात कही गई थी। कॉल मिलते ही पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने दोनों स्कूलों को घेर लिया और तलाशी अभियान शुरू कर दिया।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, फिलहाल तलाशी के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है, लेकिन पूरे कैंपस को खाली कराकर स्कैनिंग की जा रही है। छात्रों और स्टाफ की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस और डॉग स्क्वॉड मौके पर तैनात हैं।
पुलिस जांच में जुटी है कि धमकी असली है या किसी की शरारत। अधिकारियों ने आशंका जताई है कि कुछ मामलों में छात्र भी मजाक में ऐसी ईमेल या कॉल कर देते हैं, लेकिन हर एंगल से पड़ताल की जा रही है।
दिल्ली में इससे पहले भी कई स्कूलों को ईमेल से धमकियां मिल चुकी हैं। इन्हीं घटनाओं के मद्देनज़र शिक्षा निदेशालय ने हाल ही में 115-प्वाइंट की एसओपी जारी की थी, जिसमें स्कूलों को हर खतरे को गंभीर मानने और मॉक ड्रिल्स करने के निर्देश दिए गए थे।