Mandi, 14 July
हमीरपुर से भाजपा सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा है कि वे केंद्र सरकार से हिमाचल के आपदा प्रभावित क्षेत्रों के लिए एरिया और प्रोजेक्ट स्पेसिफिक बजट की मांग करेंगे। उन्होंने कहा कि इस बजट का उपयोग केवल उन्हीं क्षेत्रों में होगा जो आपदा से सबसे अधिक प्रभावित हुए हैं। ठाकुर थुनाग क्षेत्र में आपदा पीड़ितों से मिलने पहुंचे थे, जहां उन्होंने मीडिया से बातचीत में यह बात कही।
उन्होंने साफ किया कि उनका दौरा राजनीति से प्रेरित नहीं है, बल्कि सहयोग और राहत कार्यों के लिए है। “यह समय राजनीति का नहीं, एकजुट होकर काम करने का है,” उन्होंने कहा। अनुराग ठाकुर ने यह भी कहा कि जो कार्य राज्य सरकार से अधूरे रह गए हैं, उन्हें केंद्र और स्थानीय प्रयासों से पूरा किया जाएगा।इस दौरान नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर भी अनुराग ठाकुर के साथ रहे। उन्होंने उन्हें सराज विधानसभा के आपदा प्रभावित इलाकों का दौरा करवाया और स्थानीय लोगों से बातचीत करवाई।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि सराज क्षेत्र ने इस आपदा में गंभीर क्षति झेली है — कई घर पूरी तरह ढह गए हैं, और बागवानी व खेती का ढांचा भी तबाह हो गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि वे पार्टी स्तर पर और व्यक्तिगत रूप से हरसंभव मदद करते रहेंगे।दौरे के दौरान अनुराग ठाकुर ने थुनाग स्कूल के बच्चों को स्कूल बैग, कॉपियां, पेंसिल, बिस्किट और प्रोटीन बॉक्स सहित आवश्यक सामग्री वितरित की।