नई दिल्ली | दिल्ली से मुंबई जा रही स्पाइसजेट की फ्लाइट SG 9282 में सोमवार को उस वक्त हड़कंप मच गया जब दो यात्रियों ने विमान के कॉकपिट में जबरन घुसने की कोशिश की। फ्लाइट को तुरंत ‘बे’ पर वापस लाया गया और दोनों उपद्रवी यात्रियों को उतारकर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के हवाले कर दिया गया।
स्पाइसजेट ने बयान जारी कर बताया कि दोनों यात्रियों ने फ्लाइट की गतिविधियों में बाधा डालने की कोशिश की। उनकी हरकतों से अन्य यात्रियों और क्रू मेंबर्स में दहशत फैल गई। सुरक्षा को देखते हुए विमान को उड़ान भरने से पहले ही रोका गया।
फ्लाइटराडार24 के अनुसार, यह उड़ान मूल रूप से दोपहर 12:30 बजे रवाना होनी थी लेकिन ये शाम 7:21 बजे तक टल गई। घटना के बाद एयरलाइंस ने जांच शुरू कर दी है और यात्रियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है। यह मामला एक बार फिर एयरलाइन सुरक्षा और यात्रियों की स्क्रीनिंग को लेकर गंभीर सवाल खड़ा कर रहा है।