जुलाना | जुलाना के बुढ़ा खेड़ा गांव के पास करसोला रोड पर उस वक्त सनसनी फैल गई, जब खेतों में एक अज्ञात युवक का शव पड़ा मिला। शव पर घसीटने के गहरे निशान थे, जिससे मामला संदिग्ध लग रहा है। युवक की उम्र करीब 43 साल बताई जा रही है और उसके हाथ पर ‘सुरेश’ नाम लिखा हुआ है।
सूचना मिलते ही जुलाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी रविंद्र ने बताया कि मृतक की जेब से कोई पहचान पत्र नहीं मिला है, जिससे उसकी शिनाख्त हो सके। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सामान्य अस्पताल, जींद भिजवा दिया है।
मामला आत्महत्या, दुर्घटना या हत्या का है – यह अब भी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस आस-पास के ग्रामीणों और राहगीरों से पूछताछ कर रही है।
हाथ पर लिखा नाम और घसीटने के निशान, इस पूरे मामले को और भी रहस्यमयी बना रहे हैं। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।