तिरुचि | मलेशिया से भारत लौट रही एक फ्लाइट में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक यात्री की अचानक तबीयत बिगड़ी और उसकी मौत हो गई। यह घटना बुधवार सुबह एयर एशिया की कुआलालंपुर से तिरुचि जा रही फ्लाइट में हुई। मृतक की पहचान 50 वर्षीय शशिकुमार के रूप में हुई है, जो तमिलनाडु के शिवगंगा जिले के इलयांगुडी गांव के निवासी थे।
उड़ान के दौरान अचानक शशिकुमार को बेचैनी महसूस हुई और वे सीट पर ही गिर पड़े। क्रू मेंबर्स ने तुरंत CPR दिया और फ्लाइट में मौजूद एक डॉक्टर ने भी प्राथमिक सहायता दी, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।
फ्लाइट लैंडिंग के बाद तिरुचि एयरपोर्ट पर मेडिकल टीम विमान में चढ़ी, मगर तब तक बहुत देर हो चुकी थी। पोस्टमार्टम के लिए शव को सरकारी अस्पताल भेजा गया है।
इस दर्दनाक घटना से विमान में मौजूद यात्री स्तब्ध रह गए। फ्लाइट में मची अफरा-तफरी के बीच शशिकुमार को बचाने के लिए सभी ने भरपूर कोशिश की, लेकिन किस्मत ने साथ नहीं दिया।