नई दिल्ली | देशभर में 10 रुपये के सिक्कों को लेकर फैली उलझन अब खत्म होनी चाहिए। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने साफ कर दिया है कि बाजार में चल रहे सभी 14 डिज़ाइन के 10 रुपये के सिक्के पूरी तरह वैध (Legal Tender) हैं और इन्हें निसंकोच स्वीकार किया जाना चाहिए।
लोगों में भ्रम था कि छोटे या बिना किरणों वाले सिक्के नकली होते हैं, जबकि कुछ लोग 15 किरणों वाले सिक्कों को ही असली मानते हैं। लेकिन RBI ने स्पष्ट किया है कि सिक्के के आकार, डिज़ाइन या किरणों की संख्या से उसकी वैधता तय नहीं होती।
RBI ने बताया कि दो प्रमुख डिज़ाइन प्रचलन में हैं
- 15 किरणों वाला सिक्का, जिसमें ₹ का चिन्ह नहीं होता (पुराना डिज़ाइन)
- 10 किरणों वाला सिक्का, जिसमें ₹ का चिन्ह होता है (2011 के बाद जारी)
दोनों ही डिज़ाइन असली और कानूनी रूप से मान्य हैं।
RBI ने लोगों, दुकानदारों और खासकर सार्वजनिक परिवहन से जुड़े लोगों से अपील की है कि सभी डिज़ाइन के सिक्कों को स्वीकार करें और कोई भी सिक्का लौटाकर भ्रम न फैलाएं।
साथ ही, RBI ने जानकारी दी कि अगर किसी को संदेह हो तो वह टोल-फ्री नंबर 14440 पर कॉल कर जानकारी प्राप्त कर सकता है।
यह भी याद रखें
- सभी 14 डिज़ाइन वैध हैं
- सिक्के की वैधता डिज़ाइन या किरणों से तय नहीं होती
- किसी भी तरह की शंका में RBI की हेल्पलाइन से संपर्क करें