हरियाणा | हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शनिवार को जींद के नंदगढ़ गांव पहुंचे, जहां दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का जन्मदिन खास अंदाज में मनाया गया। सीएम सैनी ने रेखा गुप्ता को चांदी का मुकुट पहनाकर सम्मानित किया। वहीं, डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिड्ढा, मंत्री कृष्ण बेदी और विधायक रामकुमार गौतम ने उन्हें तीज की कोथली भेंट की।
जन्मदिन समारोह से पहले दोनों मुख्यमंत्रियों ने जुलाना के अग्रसेन भवन का उद्घाटन किया। इस दौरान सीएम सैनी ने रेखा गुप्ता की तारीफ करते हुए कहा, “यह हमारी बेटी हैं, जिनका जीवन राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित रहा है।”
विकास का तोहफा
सीएम नायब सिंह सैनी ने जींद को विकास की कई सौगातें दीं। कुल 1680.49 लाख रुपये की लागत से विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया गया।
नंदगढ़ गांव को मिली ये सुविधाएं:
- ई-लाइब्रेरी
- इंडोर जिम
- सब हेल्थ सेंटर
(इन तीनों परियोजनाओं पर कुल खर्च: ₹74.28 लाख)
अन्य प्रमुख विकास कार्य:
- सुंदर सब ब्रांच पर VR ब्रिज का पुनर्निर्माण (₹234.25 लाख)
- खरैती से झनमौला तक नई सड़क (₹177.30 लाख)
- राजगढ़ से झनमौला तक सड़क (₹90.56 लाख)
- निडाना और किनाना गांवों में बनेंगे नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (₹1104.10 लाख खर्च)
इस मौके पर बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बडौली, विधायक रणधीर पनिहार और पार्टी नेता योगेश बैरागी समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।