अमरोहा | अमरोहा जिले में कांवड़ यात्रा के दौरान बढ़ती भीड़ और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने जिले के प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों में तीन दिन का अवकाश घोषित किया है।
डीएम ने आदेश जारी करते हुए बताया कि कक्षा 1 से 8 तक के सभी सरकारी, मान्यता प्राप्त व सहायता प्राप्त स्कूलों में 19, 21 और 22 जुलाई को अवकाश रहेगा। वहीं माध्यमिक और तकनीकी संस्थानों में 19 और 21 जुलाई को विशेष छुट्टी रहेगी। यह फैसला कांवड़ यात्रा के दौरान विद्यार्थियों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए लिया गया है।
इसी के साथ जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने जिले की 103 ग्राम पंचायतों में डिजिटल लाइब्रेरी की स्थापना की योजना को भी तेज़ी से लागू करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि लाइब्रेरी ऐसी जगह पर बनाई जाए जहां बच्चे सुरक्षित और सहज महसूस करें। किताबों की खरीदारी और व्यवस्था को लेकर 6 सदस्यों की एक समिति का भी गठन कर दिया गया है।
डीएम का कहना है कि यह पहल गांव के बच्चों को बेहतर शिक्षा और डिजिटल संसाधनों से जोड़ने की दिशा में एक अहम कदम होगी।