चरखी दादरी | चरखी दादरी के महेंद्रगढ़ चुंगी के पास शनिवार देर शाम दो गुटों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। मामूली कार टक्कर के बाद शुरू हुए विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। दोनों पक्षों में पहले फायरिंग हुई, फिर एक युवक साहिल पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला किया गया। घायल युवक को रोहतक PGI ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
वारदात करीब आधे घंटे तक सड़क पर फिल्मी अंदाज में चलती रही और पुलिस की मौजूदगी के बावजूद हमलावर बेखौफ होकर वारदात को अंजाम देते रहे। मौके पर मौजूद लोग दहशत में आ गए। इस पूरी घटना का वीडियो वायरल हो गया है, जिसमें कुछ नाबालिग भी हमला करते दिख रहे हैं।
पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान पर हत्या और फायरिंग के आरोप में दोनों पक्षों पर केस दर्ज कर लिया है। सिटी थाना प्रभारी ने बताया कि 8 नामजद सहित कई अन्य लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। घटनास्थल के वीडियो और सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है।
परिजनों का आरोप है कि साहिल को गैंगवार के चलते निशाना बनाया गया और हत्या पुलिस की मौजूदगी में हुई, जो सवाल खड़े करता है। पुलिस अब वायरल वीडियो और अन्य सबूतों के आधार पर आरोपियों की गिरफ्तारी की कोशिश कर रही है।