Mandi, 20 July
पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा है कि हिमाचल प्रदेश के आपदा प्रभावित क्षेत्रों में हुए भारी नुकसान की भरपाई केवल क्षेत्र-विशेष बजट (Area-Specific Budget) के जरिए ही संभव है। उन्होंने बताया कि वे इस विषय पर शीघ्र ही दिल्ली जाकर केंद्र सरकार से विशेष आर्थिक सहायता की मांग करेंगे।
जयराम ठाकुर ने बताया कि मंडी जिले के सराज, नाचन, धर्मपुर और करसोग जैसे विधानसभा क्षेत्रों में भारी तबाही हुई है। उन्होंने कहा, “मैं स्वयं दिल्ली जाकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा सहित अन्य शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात करूंगा और क्षेत्रवार विशेष परियोजनाएं बनाने की मांग रखूंगा।”उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा भेजी गई विशेषज्ञ टीम वर्तमान में मंडी जिले में नुकसान का आंकलन कर रही है। इस रिपोर्ट के आधार पर केंद्र को एक विस्तृत रिपोर्ट सौंपी जाएगी, जिसके बाद वे वित्तीय सहायता को लेकर ठोस बातचीत करेंगे।
इसके साथ ही जयराम ठाकुर ने प्रदेश सरकार से भी आग्रह किया कि वह आपदा प्रभावित इलाकों के लिए एरिया स्पेसिफिक प्लानिंग पर कार्य करे ताकि पुनर्निर्माण कार्य तेज़ी से हो सके।उन्होंने राहत और बचाव कार्यों में सहयोग के लिए केंद्र सरकार का आभार भी जताया और कहा कि आने वाले समय में केंद्र और राज्य सरकारों का तालमेल इस संकट से उबरने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।