चंडीगढ़ | हरियाणा के खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने राज्य के युवाओं और खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए एक अहम घोषणा की है। उन्होंने बताया कि “एक भारत-श्रेष्ठ भारत” मिशन को आगे बढ़ाते हुए हरियाणा सरकार 23 से 25 जुलाई तक कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में तीन दिवसीय अंतरराज्यीय युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम आयोजित करेगी।
इस कार्यक्रम में देशभर के 24 राज्यों से करीब 600 युवा भाग लेंगे और विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से एक-दूसरे की कला और संस्कृति से रूबरू होंगे। कार्यक्रम में ग्रुप सॉन्ग, डांस और अन्य सांस्कृतिक गतिविधियां भी शामिल होंगी।
युवाओं को मिलेगा बड़ा मंच
गौरव गौतम ने कहा कि इस आयोजन के ज़रिए युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए एक बड़ा मंच मिलेगा। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वर्ष 2015 में सरदार वल्लभ भाई पटेल की 140वीं जयंती पर शुरू किए गए “एक भारत-श्रेष्ठ भारत” मिशन से प्रेरित है।
इस तरह के आयोजनों से राज्यों के बीच सांस्कृतिक एकता, भाईचारा और राष्ट्रीय समरसता को बढ़ावा मिलेगा। हरियाणा की समृद्ध कला, संस्कृति और खेल मॉडल पहले से ही देश के अन्य राज्यों के लिए प्रेरणा बन चुका है।
2 अगस्त से पंचकूला में होगी खेल महाकुंभ की शुरुआत
खेल मंत्री ने जानकारी दी कि 2 अगस्त से पंचकूला में “खेल महाकुंभ” की शुरुआत की जाएगी, जिसमें राज्यभर के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। उन्होंने बताया कि सरकार ने अब तक 1500 से ज्यादा खेल नर्सरियां खोली हैं और हर साल 500 और खोलने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और अवसर मिल सकें।
कानून-व्यवस्था पर विपक्ष को घेरा
पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए मंत्री ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत है और पुलिस अपराधियों से सख्ती से निपट रही है। उन्होंने विपक्ष को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि उनके पास कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है।