21 July, 2025
भारत इस साल 30 अक्तूबर से 27 नवंबर तक फिडे शतरंज विश्व कप 2025 की मेजबानी करेगा। इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के मेजबान शहर की घोषणा जल्द ही की जाएगी। शतरंज की विश्व नियामक संस्था फिडे ने सोमवार को यह जानकारी दी।
इस बार 206 खिलाड़ी नॉकआउट प्रारूप में खिताब और 2026 फिडे कैंडिडेट्स टूर्नामेंट में क्वालिफिकेशन स्थान हासिल करने के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगे। भारत ने इससे पहले 2002 में हैदराबाद में इस टूर्नामेंट की मेजबानी की थी, जिसमें विश्वनाथन आनंद ने खिताब जीता था।
फिडे ने स्पष्ट किया कि विश्व कप के शीर्ष तीन खिलाड़ी 2026 के कैंडिडेट्स टूर्नामेंट के लिए सीधे क्वालिफाई करेंगे। मौजूदा विश्व चैंपियन डी. गुकेश, विश्व कप 2023 के उपविजेता आर. प्रज्ञानानंद, और विश्व में पांचवें स्थान पर काबिज अर्जुन एरिगैसी जैसे शीर्ष भारतीय खिलाड़ी इस बार टूर्नामेंट में हिस्सा लेंगे।फिडे के सीईओ एमिल सुतोव्स्की ने प्रेस में कहा, “हम भारत में फिडे विश्व कप 2025 का आयोजन कराकर बेहद उत्साहित हैं, क्योंकि यह ऐसा देश है जहां शतरंज को लेकर गहरा जुनून है।”