चंडीगढ़ | पंजाब में अगले कुछ दिन मौसम की करवट से लोगों को राहत के साथ-साथ कुछ मुश्किलों का भी सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग ने 21 से 24 जुलाई के बीच राज्य में बारिश की चेतावनी के साथ येलो अलर्ट जारी किया है। खासतौर पर जालंधर, कपूरथला, होशियारपुर और नवांशहर में 21 और 22 जुलाई को मध्यम से तेज बारिश की संभावना जताई गई है।
विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक 23 जुलाई को मौसम सामान्य रह सकता है, जबकि 24 जुलाई को बारिश फिर से जोर पकड़ सकती है। कुल मिलाकर, इन चार दिनों में तीन दिन येलो अलर्ट रहेगा, जिससे किसानों और आम लोगों दोनों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
लुधियाना, पठानकोट, अमृतसर, गुरदासपुर और पटियाला जैसे जिलों में भी आसमान से राहत की बूंदें गिरने की उम्मीद है। रविवार को भले ही तेज धूप न निकली हो, लेकिन उमस भरी गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया, जिसके चलते बाजारों में रौनक फीकी नजर आई।
पावरकॉम के आंकड़ों के अनुसार, उमस बढ़ने के साथ ही बिजली की खपत में उछाल दर्ज किया गया है, क्योंकि लोग एसी और कूलर जैसे उपकरणों का अधिक इस्तेमाल कर रहे हैं। मौसम विभाग की रिपोर्ट में बताया गया कि पंजाब में औसत अधिकतम तापमान में 0.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है, लेकिन यह अब भी सामान्य के करीब बना हुआ है। आज राज्य का सबसे अधिक तापमान पटियाला में 35.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।