चंडीगढ़ | त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री और मौजूदा लोकसभा सांसद बिप्लब कुमार देब ने गुरुवार को केंद्रीय आवास एवं शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने लाइट हाउस प्रोजेक्ट की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की और इसके निर्धारित समय में पूरा होने के लिए अतिरिक्त फंड जारी करने की जरूरत पर ज़ोर दिया।
इससे पहले बिप्लब देब ने बुधवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से भी मुलाकात की थी और कई अहम मुद्दों पर चर्चा की थी।
देशभर में सिर्फ 6 लाइट हाउस प्रोजेक्ट
भारत में चल रही 6 लाइट हाउस परियोजनाओं में से एक यह महत्वाकांक्षी योजना 1,000 परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बनाई गई है। देब ने कहा कि केंद्र सरकार की यह योजना न सिर्फ लोगों को आवास देगी, बल्कि निर्माण क्षेत्र में नई तकनीक और रोजगार के अवसर भी लेकर आएगी।
उन्होंने उम्मीद जताई कि अतिरिक्त धन आवंटन और तेजी से काम के जरिए यह परियोजना जल्द पूर्ण होगी और लोगों को इसका लाभ मिल सकेगा।