गोरखपुर | गोरखपुर में 177 विकास परियोजनाओं के उद्घाटन समारोह के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का बयान सियासत में हलचल ला गया है। मंच से उन्होंने बीजेपी सांसद रवि किशन पर सीधा हमला करते हुए कहा कि उन्होंने नाले के ऊपर घर बना लिया है। मुख्यमंत्री ने प्रशासन को निर्देश देते हुए कहा कि अगर जांच में यह सही पाया गया, तो बिना किसी देरी के अतिक्रमण पर कार्रवाई की जाएगी।
योगी आदित्यनाथ ने चुटकी लेते हुए कहा कि अब मशीनें ऐसी आ गई हैं कि बटन दबाते ही नाले साफ हो जाएंगे और अतिक्रमण हट जाएगा। मंच से रवि किशन को नसीहत भी दी गई कि “जनता को दिक्कत नहीं होनी चाहिए, नाले पर घर नहीं बनाना चाहिए।”
मुख्यमंत्री का यह बयान सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है। साथ ही उन्होंने रवि किशन पर व्यंग्य करते हुए कहा – “ऐसा न हो कि पता चले रवि किशन और बाबा साथ चल रहे हैं और केला खाकर छिलका फेंक रहे हैं, अब हर चीज CCTV में रिकॉर्ड होती है।”
योगी ने जनता की तारीफ करते हुए यह भी कहा कि सड़क चौड़ीकरण के दौरान लोगों ने विकास के लिए अपने घर और दुकानें तोड़वाने तक में सहयोग किया। लेकिन नियमों की अनदेखी अब बर्दाश्त नहीं होगी – चाहे वह आम नागरिक हो या सांसद।
मुख्यमंत्री का यह बयान इशारा करता है कि उत्तर प्रदेश में अब नियम सबके लिए बराबर हैं – और अतिक्रमण पर किसी को छूट नहीं मिलने वाली।