नई दिल्ली। थाईलैंड और कंबोडिया की सीमा पर हालात बेहद तनावपूर्ण हो गए हैं। दोनों देशों के बीच हुई भीषण सैन्य झड़पों ने जंग जैसे हालात पैदा कर दिए हैं। थाईलैंड के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, इन झड़पों में अब तक 15 लोगों की जान जा चुकी है, जिनमें 14 आम नागरिक और एक सैनिक शामिल हैं, जबकि 46 लोग घायल हुए हैं।
हिंसा की शुरुआत बुधवार को हुई जब एक बारूदी सुरंग के विस्फोट में पांच थाई सैनिक घायल हो गए। इस धमाके के बाद हालात और बिगड़ते चले गए। हालांकि कंबोडिया ने अभी तक अपने नुकसान की कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है।
थाईलैंड का कड़ा आरोप
थाईलैंड के स्वास्थ्य मंत्री सोमसाक ने कंबोडिया पर आम नागरिकों और अस्पताल पर हमला करने का आरोप लगाया है। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा, “हम कंबोडिया सरकार से अपील करते हैं कि वह हिंसा तुरंत रोके और शांति की राह पर लौटे।”
बॉर्डर से पलायन, सुरक्षा परिषद की बैठक
थाईलैंड के अनुसार, यह एक दशक की सबसे भीषण सीमा लड़ाई है, जिसमें अब तक करीब 1 लाख से अधिक लोग इलाके को छोड़कर पलायन कर चुके हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में शुक्रवार को आपात बैठक बुलाई जा रही है। इस बैठक की मांग कंबोडिया के प्रधानमंत्री हुन मैनेट ने की है।
अमेरिका की अपील
वहीं, अमेरिका ने दोनों देशों से तत्काल संघर्ष रोकने और बातचीत से हल निकालने की अपील की है। अब दुनिया की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या कूटनीतिक प्रयास इस टकराव को और बढ़ने से रोक पाएंगे या हालात और बिगड़ेंगे।