नई दिल्ली | पंजाबी सिंगर बब्बू मान ने सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड को लेकर पहली बार चौंकाने वाला बयान दिया है। 29 मई 2022 को हुई हत्या के करीब 3 साल बाद उन्होंने इस मुद्दे पर अपनी चुप्पी तोड़ी है।
कनाडा के वैंकूवर में एक लाइव शो के दौरान बब्बू मान ने बिना सिद्धू मूसेवाला का नाम लिए कहा–
“लड़ाई किसी और की थी, और एजेंसियों के पास हम जैसे लोग घूमते रहे। अपनी शराफ़त का सर्टिफिकेट लेकर मैं 6 महीने तक थानों में चक्कर लगाता रहा।”
बता दें, बब्बू मान इन दिनों कनाडा टूर पर हैं। वैंकूवर में उनका शो विवादों के बीच हुआ, जहां विरोध के बाद भी कार्यक्रम सुपरहिट रहा। उसी मंच से उन्होंने यह बयान दिया, जिससे मूसेवाला की हत्या से जुड़ी चर्चाएं फिर तेज हो गई हैं।
मूसेवाला मर्डर केस की पृष्ठभूमि:
सिद्धू मूसेवाला की 29 मई 2022 को उस वक्त गोली मारकर हत्या कर दी गई थी जब वे मानसा जिले के जवाहरके गांव में अपनी थार कार से जा रहे थे। हमलावरों ने करीब 30 राउंड फायरिंग की थी। इस वारदात में मूसेवाला की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि दो अन्य लोग घायल हुए थे। अब बब्बू मान के इस बयान ने मामले को एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है।