28 July, 2025
भारतीय तेज़ गेंदबाज़ अर्शदीप सिंह का एक मज़ेदार वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसे उनकी आईपीएल टीम पंजाब किंग्स ने अपने आधिकारिक एक्स (पूर्व ट्विटर) अकाउंट से साझा किया है। वीडियो में अर्शदीप मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड क्रिकेट स्टेडियम की सीढ़ियों पर भांगड़ा करते नज़र आ रहे हैं। यह नज़ारा इंग्लैंड के खिलाफ चौथा टेस्ट ड्रॉ होने के बाद का है। 26 वर्षीय अर्शदीप इस वीडियो में बेहद खुश दिख रहे हैं, और उनका डांस उनके उत्साह को साफ बयां कर रहा है।
चौथा टेस्ट मुकाबला भारत और इंग्लैंड के बीच मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में खेला गया, जो रविवार, 27 जुलाई को ड्रॉ पर खत्म हुआ। यह मुकाबला भारत के लिए किसी जीत से कम नहीं था, क्योंकि रविंद्र जडेजा और वाशिंगटन सुंदर की शानदार शतकीय पारियों ने टीम इंडिया को मुश्किल हालात से उबारा।
गौरतलब है कि अर्शदीप सिंह को इस टेस्ट में भारत की प्लेइंग इलेवन में शामिल किया जाना था, लेकिन नेट्स में प्रैक्टिस के दौरान चोटिल हो जाने के कारण वह अंतिम समय में बाहर हो गए। हालांकि अब वह पूरी तरह फिट नज़र आ रहे हैं, और माना जा रहा है कि उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के आखिरी मुकाबले में डेब्यू करने का मौका मिल सकता है।