मुंबई | साउथ फिल्म इंडस्ट्री के चर्चित अभिनेता एस. श्रीनिवासन एक बार फिर विवादों में हैं। दिल्ली की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने उन्हें 5 करोड़ की धोखाधड़ी के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि श्रीनिवासन ने एक कंपनी को 1000 करोड़ रुपये के लोन का झांसा देकर 5 करोड़ रुपये की प्रोसेसिंग फीस हड़प ली।
मास्टरमाइंड बना एक्टर, नहीं लौटाए पैसे
शिकायतकर्ता कंपनी ने लोन एग्रीमेंट के तहत 5 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए थे, लेकिन ना लोन मिला, ना ही रकम वापस हुई। यहां तक कि गारंटी के तौर पर दिया गया चेक भी बाउंस हो गया। जांच में सामने आया कि रकम पहले एक ट्रेडिंग कंपनी के खाते में गई, फिर श्रीनिवासन और उनकी पत्नी के खातों में ट्रांसफर हुई। उन्होंने 50 लाख रुपये कैश निकाले, बाकी रकम से 4 करोड़ की एफडी बनाई, जिसे अब जब्त कर लिया गया है।
पूछताछ में नहीं दे सके जवाब, पहले भी घोषित हो चुके हैं भगोड़ा
पूछताछ के दौरान श्रीनिवासन कोई ठोस सबूत नहीं दे सके, जिससे पुलिस को उनके खिलाफ धोखाधड़ी का पुख्ता आधार मिला। जांच में यह भी खुलासा हुआ कि वह चेन्नई में भी 6 अलग-अलग ठगी मामलों में आरोपी हैं। इतना ही नहीं, उन्हें दो बार भगोड़ा घोषित किया जा चुका है।
बताया जा रहा है कि ठगे गए पैसों का इस्तेमाल उन्होंने फिल्म प्रोडक्शन और निजी खर्चों में किया। अब EOW उनकी पूरी फाइनेंशियल डिटेल खंगाल रही है।