जालंधर | जालंधर के सिविल अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट में आई तकनीकी खराबी से तीन मरीजों की मौत के मामले ने सरकार को सख्त रुख अपनाने पर मजबूर कर दिया है। जांच में लापरवाही सामने आने के बाद पंजाब सरकार ने तीन वरिष्ठ डॉक्टरों को निलंबित कर दिया है।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि जिन डॉक्टरों पर गाज गिरी है, उनमें मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. राज कुमार, एस.एम.ओ. डॉ. सुरजीत सिंह और डॉ. सोनाक्षी शामिल हैं।
जांच के आधार पर तीनों को सस्पेंड कर दिया गया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया भी जारी है। मंत्री ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में कोताही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यह मामला अब पूरे राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और अस्पतालों की जवाबदेही पर बड़ा सवाल बनकर उभरा है।