नई दिल्ली/चंडीगढ़ | केंद्र सरकार ने पंजाब के लिए एक अहम तकनीकी सौगात का ऐलान किया है। संसद के मानसून सत्र के दौरान सरकार ने जानकारी दी कि ‘नमो ड्रोन दीदी’ योजना के तहत देशभर में मंजूर किए गए 14,500 ड्रोन में से 1,021 ड्रोन पंजाब को मिलेंगे। यह योजना खासतौर पर ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को ड्रोन तकनीक से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने के लिए शुरू की गई है।
अब पंजाब की गांवों में रहने वाली महिलाएं ड्रोन पायलट की ट्रेनिंग लेकर खेती-किसानी में आधुनिक भूमिका निभाएंगी। ये महिलाएं कीटनाशक व खाद का छिड़काव, फसलों की निगरानी, डिजिटल मैपिंग और नाप-तोल जैसे कार्यों में ड्रोन का उपयोग करेंगी।
सरकार का कहना है कि इस पहल से ग्रामीण रोजगार बढ़ेगा और किसानों की लागत घटेगी। खेती में आधुनिक तकनीक की यह शुरुआत पंजाब की ग्रामीण महिलाओं को तकनीकी रूप से सशक्त बनाएगी।