Ambala, 3 August
अंबाला में हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। आतंकवाद को लेकर उन्होंने कहा कि देश में आतंकवाद की जड़ कांग्रेस है। विज ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने धर्म के आधार पर देश का बंटवारा कराया, जिसमें करीब 10 लाख लोगों की मौत और करोड़ों का पलायन हुआ। धारा 370 लागू करके कांग्रेस ने कश्मीर में आतंकवाद को जन्म दिया और 55 साल तक इसे खत्म करने के लिए कोई कदम नहीं उठाया।
अनिल विज ने कहा कि भाजपा सरकार ने 370 हटाकर कश्मीर में आतंकवाद की गतिविधियां कम कीं और हाल ही में ऑपरेशन ‘सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया।
राहुल गांधी के हालिया बयान पर पलटवार करते हुए विज ने कहा कि राहुल गांधी को झूठ बोलने की आदत है और कांग्रेस ने संवैधानिक संस्थाओं के खिलाफ एक “जेहाद” छेड़ रखा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के डीएनए में तानाशाही है, जिसका उदाहरण 1975 की इमरजेंसी है, जब इंदिरा गांधी ने प्रेस पर सेंसरशिप लगाई और लाखों विरोधियों को जेल में डाला। विज ने कहा कि भाजपा प्रजातंत्र की रक्षा के लिए हर कीमत चुकाने को तैयार है।