3 August, 2025
बुडापेस्ट में हुए FIA फॉर्मूला 3 सीजन के फीचर रेस में ट्राइडेंट टीम के राफेल कैमारा ने शानदार जीत दर्ज करते हुए 2025 ड्राइवर्स चैंपियनशिप अपने नाम कर ली। यह उनके सीजन की चौथी जीत रही, जिसमें उन्होंने पोल पोजीशन से शुरू करके हर लैप में बढ़त बनाए रखी। इस जीत के साथ कैमारा ने 48 अंकों की अजेय बढ़त बना ली, जिससे वह एक राउंड शेष रहते ही खिताब के हकदार बन गए।
रेस के बाद कैमारा ने कहा,“पूरे सीजन हमने मजबूत प्रदर्शन किया। अब हम थोड़ा आराम कर सकते हैं और इस पल का आनंद ले सकते हैं। चैंपियनशिप के दौरान ध्यान केंद्रित रखना जरूरी होता है, इसलिए ऐसे पल खास होते हैं।”
रेस की शुरुआत रोलिंग स्टार्ट के साथ हुई, जहां कैमारा ने मारी बोया और तुक्का तपोनेन को पीछे छोड़ा। बोया ने शुरुआती लैप्स में दबाव बनाने की कोशिश की और सबसे तेज़ लैप भी निकाला, लेकिन बढ़त छीनने में नाकाम रहे। लैप 4 पर पहली सेफ्टी कार आई, लेकिन रीस्टार्ट में कैमारा ने फिर से लीड पक्की कर ली।
दूसरी सेफ्टी कार तब आई जब उगो उगोचुकु, गेरार्ड जी से टकरा गए। इसके बाद भी कैमारा ने आत्मविश्वास से आगे बने रहे। निकोला त्सोलोव ने 13वें स्थान से शुरू करते हुए शानदार ओवरटेक करते हुए छठा स्थान हासिल किया और आखिरी लैप्स में पोडियम के करीब पहुंच गए, लेकिन मारी बोया तीसरे स्थान पर कायम रहे।