हिसार| पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार ज्योति मल्होत्रा को कोर्ट से एक बार फिर कोई राहत नहीं मिली है। सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई छठी पेशी में हिसार कोर्ट ने उनकी न्यायिक हिरासत को 14 दिन और बढ़ा दिया। इस फैसले के साथ ही मामले में गंभीरता और गहराई बढ़ गई है।
ज्योति पर आरोप है कि उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी गोपनीय सूचनाएं लीक कीं, जिसके चलते उन पर देशद्रोह, जासूसी और संवेदनशील जानकारी साझा करने जैसी गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। अब तक उनकी पांच बार रिमांड हो चुकी है, और यह छठी पेशी थी।
अब 90 दिन पूरे होने को हैं, जल्द आ सकता है पुलिस चालान
ज्योति के वकील कुमार मुकेश ने बताया कि 15 अगस्त तक उनकी मुवक्किला की हिरासत के 90 दिन पूरे हो जाएंगे। उम्मीद है कि पुलिस उससे पहले चार्जशीट दाखिल कर देगी। जैसे ही चालान कोर्ट में पेश होगा, उसके बाद केस की कानूनी दिशा तय होगी और ज़मानत याचिका दायर की जाएगी।
परिवार ने प्रधानमंत्री से लगाई गुहार
ज्योति के पिता ने अपनी बेटी की बेगुनाही का दावा करते हुए मुख्यमंत्री, राज्यपाल, प्रधानमंत्री, गृहमंत्री और राष्ट्रपति को प्रतिवेदन भेजा है। उनका कहना है कि ज्योति निर्दोष है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने एफआईआर रद्द करने की मांग भी की है।
अब निगाहें पुलिस की चार्जशीट पर टिकी हैं, जो केस के रुख को तय करने वाली अहम कड़ी साबित होगी। वहीं, परिवार और वकील अब भी न्याय और ज़मानत की उम्मीद लगाए बैठे हैं।