शहडोल | न्यू गांधी चौक के पास स्थित महारानी लक्ष्मीबाई स्कूल के सामने एक तीन मंजिला व्यावसायिक इमारत में देर रात अचानक भीषण आग लग गई। आग ने तेजी से पूरी बिल्डिंग को अपनी चपेट में ले लिया। इस बिल्डिंग में भारतीय प्रेस समेत कई दुकानों और दफ्तरों के जलने की खबर है।
दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन आग की भयावहता के आगे संसाधन नाकाफी साबित हो रहे हैं। आग पर काबू पाने की कोशिशें जारी हैं, लेकिन लपटें अब भी तेज हैं।
अब तक आग लगने की वजह साफ नहीं
आग किन कारणों से लगी, इसका अभी तक कोई ठोस कारण सामने नहीं आया है। हालांकि, आग की तीव्रता और फैलाव को देखते हुए भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है। आसपास के लोगों में दहशत का माहौल है और मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए हैं।
संसाधनों की पोल खुली
शहडोल नगर पालिका में इस तरह की आपात स्थिति से निपटने के पर्याप्त संसाधन नहीं हैं। नगर प्रशासन बड़ी इमारतों को मंजूरी तो दे रहा है, लेकिन आपदा प्रबंधन के इंतजाम नहीं कर पा रहा। दमकल की सीमित गाड़ियों और उपकरणों के कारण आग पर काबू पाना मुश्किल हो गया है, जिससे स्थानीय प्रशासन की लापरवाही उजागर हो गई है।
पुलिस और नगर प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद हैं और आग पर काबू पाने की हरसंभव कोशिश की जा रही है। फिलहाल किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं है, लेकिन नुकसान का आकलन आग बुझने के बाद ही हो सकेगा।