पंजाब | पंजाब के कैबिनेट मंत्री हरजोत सिंह बैंस को धार्मिक मर्यादा के उल्लंघन के मामले में श्री अकाल तख्त साहिब द्वारा तनखाहिया घोषित किया गया है। मामला श्रीनगर में एक शहीदी समारोह के दौरान सामने आया, जहां धार्मिक मर्यादा का उल्लंघन हुआ। इसी को लेकर उन्हें श्री अकाल तख्त साहिब में तलब किया गया था।
पेशी के दौरान जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज ने बताया कि हरजोत बैंस ने अपनी गलती स्वीकार कर ली है, और ये स्पष्ट हो गया कि धार्मिक मर्यादा का हनन हुआ था। इसके पश्चात श्री अकाल तख्त द्वारा उन्हें धार्मिक सेवा की सजा दी गई है।
सजा के अनुसार, हरजोत बैंस को आज ही श्री गुरु नानक देव जी के जन्मस्थान, गुरुद्वारा गुरु का महल पहुंचकर सेवा करनी होगी। इसके बाद वे गुरुद्वारा कोठा साहिब में 100 मीटर पैदल चलकर सेवा करेंगे और रास्तों की मरम्मत का कार्य करवाएंगे। आगे वे दिल्ली स्थित गुरुद्वारा शीशगंज साहिब और श्री आनंदपुर साहिब में दो दिन जोड़ा घर में सेवा करेंगे। अंत में वे 1100 रुपये की कड़ाह प्रसाद की देग भेंट कर अरदास करवाएंगे। हरजोत बैंस ने इस सजा को विनम्रता से स्वीकार कर लिया है।