हिसार | हरियाणा में मानसून की चाल को लेकर चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग ने नया पूर्वानुमान जारी किया है। विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के मुताबिक, इस समय मानसून की उत्तरी सीमा फिरोजपुर, करनाल, मुरादाबाद, जलपाईगुड़ी और अरुणाचल प्रदेश के हिमालयी क्षेत्र के पास बनी हुई है। साथ ही हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के आसपास एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन भी सक्रिय है।
इस मौसमी स्थिति के कारण 9 अगस्त तक राज्य के दक्षिणी और पश्चिमी जिलों में बारिश में थोड़ी कमी रह सकती है, जबकि उत्तर हरियाणा के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है।
डॉ. खीचड़ के अनुसार, 10 अगस्त से मानसून टर्फ के नीचे आने की संभावना है, जिससे पूरे हरियाणा में बारिश की रफ्तार एक बार फिर बढ़ेगी। खासकर 10 अगस्त की रात से लेकर 12 अगस्त तक राज्य के ज्यादातर इलाकों में अच्छी बारिश हो सकती है। इस दौरान वातावरण में नमी भी बढ़ेगी और दिन का तापमान थोड़ा गिर सकता है।