उत्तर प्रदेश | उत्तर प्रदेश सरकार ने आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद मरीजों के लिए बड़ी राहत दी है। टीआरएफ योजना के तहत अब प्रदेश के सभी जिलों में महंगे सीटी स्कैन की जांच केवल 1 रुपये में कराई जा सकेगी।
इस योजना का लाभ बीपीएल कार्डधारक, अंत्योदय योजना के लाभार्थी, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के मरीज और जिन रोगियों को सरकारी डॉक्टर ने सीटी स्कैन की जरूरत बताई हो, उन्हें मिलेगा।
जांच कराने के लिए मरीज को सरकारी अस्पताल में सरकारी डॉक्टर की सलाह और रेफरल पर्ची लेकर जाना होगा। साथ ही आधार कार्ड भी जरूरी है। जांच सोमवार से शनिवार, सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक जिला अस्पतालों में कराई जा सकती है।
सीएचसी के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. संतोष यादव के अनुसार, इस योजना का उद्देश्य गरीब मरीजों को महंगे टेस्ट कम कीमत पर उपलब्ध कराकर समय पर इलाज सुनिश्चित करना है। आर्थिक तंगी के कारण कई बार जरूरी जांच टल जाती है, जिससे मरीज की स्थिति गंभीर हो जाती है।
सरकार की यह पहल न केवल महंगे टेस्ट को सस्ते दामों पर उपलब्ध कराएगी, बल्कि मरीजों को समय पर जांच और इलाज के जरिए बड़ी राहत और स्वास्थ्य लाभ भी देगी।