Kangra, Sanjeev-पौंग बांध से छोड़े जा रहे पानी के कारण ब्यास नदी का जलस्तर रविवार सुबह तेजी से बढ़ गया और निचले इलाकों में पानी भरने लगा। इंदौरा विधानसभा के कई गांवों में बाढ़ जैसे हालात बन गए, जिससे ग्रामीणों में दहशत फैल गई।
ग्राम पंचायत भोगरवां के हल्या वार्ड नं.-2 में प्रशासन ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर 16 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला, जिनमें महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे शामिल रहे। वहीं, पंचायत रियाली के वार्ड-9 में पानी में फंसे 17 लोगों को पुलिस चौकी रे के जवानों ने बचाकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।ब्यास नदी पर बने रियाली पुल के पास सुरक्षा के लिए लगाए क्रेट तेज बहाव में बह गए। प्रशासन ने पुल से मालवाहक वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि रातभर पानी का बहाव बढ़ता रहा और सुबह तक यह घरों के आंगन तक पहुंच गया। कई परिवार पूरी रात जागते रहे। ग्रामीणों ने समय पर मदद के लिए प्रशासन का आभार जताया।
एसडीएम इंदौरा सुरेंद्र ठाकुर ने अपील की कि लोग नदी किनारे या निचले क्षेत्रों में न जाएं और चेतावनियों का पालन करें। उन्होंने बताया कि अगले कुछ दिनों तक सतर्क रहना जरूरी है, क्योंकि मौसम विभाग ने भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है।