कैथल | सीवन पुलिस पर थर्ड डिग्री टॉर्चर के आरोप लगाने वाली महिला को कैथल पुलिस की एसआईटी टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला स्थानीय राजनीति और महिला एवं एससी आयोग तक पहुंच चुका था और काफी चर्चा में रहा।
मामला मई महीने से सुर्खियों में है, जब सीवन थाना क्षेत्र की एक नाबालिग लड़की के घर से लापता होने और उसके साथ जबरन दुष्कर्म का आरोप लगा था। पहले इस मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया जा चुका है। पीड़िता के पिता ने 26 मई को शिकायत दी थी कि उनकी 17 वर्षीय बेटी दोपहर लगभग 1:30 बजे घर से लापता हो गई थी, साथ ही अपने जरूरी दस्तावेज, कपड़े और नकदी लेकर चली गई। उस समय परिवार खेत में था।
पुलिस जांच के दौरान लड़की के पड़ोसी एक महिला का नाम सामने आया, जिसे पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया था। महिला ने इस दौरान पुलिस पर थर्ड डिग्री टॉर्चर के गंभीर आरोप लगाए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कैथल ने तत्काल प्रभाव से कुछ पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एसआईटी गठित की थी, जो बाद में करनाल पुलिस को सौंप दी गई।
डीएसपी सुशील प्रकाश ने बताया कि महिला को पीड़िता के 164 के बयान और पुख्ता सबूतों के आधार पर गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस पर मारपीट के आरोप की अलग से जांच चल रही है। नाबालिग लड़की के मामले में गहन जांच जारी है और तथ्य मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।