हरियाणा | हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कुरुक्षेत्र में 76वें राज्य स्तरीय वन महोत्सव के अवसर पर जोर देकर कहा कि पर्यावरण संरक्षण सिर्फ सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का फर्ज़ है। उन्होंने कहा कि आज के विकास के दौर में वनों और पेड़ों का संरक्षण जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि जलवायु परिवर्तन, अनियमित बारिश और बढ़ते तापमान जैसी समस्याओं का समाधान वृक्षारोपण से ही संभव है। हरियाणा सरकार ने इस दिशा में बड़े लक्ष्य तय किए हैं और प्रदेश में 2 करोड़ 10 लाख पौधे लगाने का अभियान चलाया जाएगा।
सीएम ने कहा कि यह महोत्सव प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर भविष्य सुनिश्चित करने का प्रतीक है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का जिक्र करते हुए बताया कि हरियाणा में पहले चरण में लक्ष्य से अधिक पौधे लगाए गए और अब दूसरे चरण में 2 करोड़ 10 लाख पौधों का लक्ष्य रखा गया है। इसके साथ ही शहरी हरियाली बढ़ाने और अवैध कटाई रोकने के लिए भी कई योजनाएं चलाई जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने ग्राम पंचायतों, सामाजिक संगठनों और छात्रों से अपील की कि वे वृक्षारोपण को जन आंदोलन बनाएं। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को विकास के साथ संतुलित करने पर जोर दिया और कहा कि हमें अपने बच्चों के लिए हरा-भरा और स्वस्थ भारत छोड़ना है।
कार्यक्रम में सांसद नवीन जिंदल ने वृक्षों को जीवन का आधार बताया और पर्यावरण संरक्षण व पर्यटन को जोड़ने का सुझाव दिया। उन्होंने इस क्षेत्र को वाइल्ड लाइफ सेंचुरी के रूप में विकसित करने की भी मांग की। समारोह में विभिन्न पदाधिकारियों, समाजसेवियों और विद्यार्थियों ने भाग लिया।