बठिंडा | बस चलाते समय मोबाइल पर रील देखने वाले पी.आर.टी.सी. ड्राइवर बलवीर सिंह के खिलाफ विभाग ने कड़ी कार्रवाई की है। बठिंडा-चंडीगढ़ रूट पर सेवा देने वाले बलवीर सिंह को रूट से हटा दिया गया है और उनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार को जब वह बस चला रहा था, तो उसने मोबाइल पर रील देखना शुरू कर दिया, जिसका एक यात्री ने वीडियो बना लिया। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही विभागीय अधिकारियों के पास पहुंचा।
इसके बाद मंगलवार को जब वह फिर से बस लेकर चंडीगढ़ के लिए रवाना हुआ, तो अधिकारियों ने उसे पटियाला में रोककर रूट से हटा दिया और उसकी जगह नया ड्राइवर तैनात कर दिया। विभाग ने कहा है कि ड्राइवर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी ताकि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।