अमेरिका | पाकिस्तान के सेना प्रमुख असीम मुनीर द्वारा अमेरिका में रहते हुए भारत को परमाणु और मिसाइल हमले की धमकी ने न केवल नई दिल्ली बल्कि वॉशिंगटन के राजनीतिक गलियारों में भी हलचल मचा दी है। पेंटागन के पूर्व वरिष्ठ अधिकारी माइकल रुबिन ने मुनीर पर कड़ी टिप्पणी करते हुए उन्हें “सूट पहने ओसामा बिन लादेन” कहा और अमेरिकी ट्रंप प्रशासन की नीतियों पर भी सवाल उठाए।
मुनीर ने अमेरिकी जमीन पर पाकिस्तानियों को संबोधित करते हुए कहा, “हम एक परमाणु संपन्न देश हैं और अगर हमें लगेगा कि हम डूब रहे हैं, तो हम अपने साथ आधी दुनिया को भी डुबो देंगे।” भारत ने इसे खतरनाक परमाणु ब्लैकमेल करार दिया है, वहीं रुबिन ने चेतावनी दी कि ऐसे विचार रखने वाले जनरल को अमेरिका में सम्मानित करना एक बड़ी गलती है।
विश्लेषकों के मुताबिक, यह मुनीर का दूसरा अमेरिका दौरा है, जो बताता है कि ट्रंप प्रशासन उन्हें विशेष महत्व दे रहा है। विशेषज्ञ मानते हैं कि ट्रंप पाकिस्तानी सेना प्रमुख का इस्तेमाल भारत पर व्यापारिक दबाव बनाने के लिए कर सकते हैं।
माइकल रुबिन ने कहा, “जब कोई परमाणु शक्ति आधी दुनिया को तबाह करने की धमकी दे, तो वह वैध राष्ट्र नहीं रह जाता। अब समय आ गया है कि अमेरिका पाकिस्तान पर अपनी नीतियों की समीक्षा करे।”
पाकिस्तान के इस परमाणु भड़काऊ बयान ने क्षेत्रीय सुरक्षा को लेकर नई चिंताएं बढ़ा दी हैं और अंतरराष्ट्रीय समुदाय की नजरें अमेरिका और पाकिस्तान के बीच बढ़ते राजनीतिक गठजोड़ पर टिकी हैं।