12 August, 2025
भारत के पूर्व स्टार ऑलराउंडर युवराज सिंह ने वनडे विश्व कप की तैयारी कर रही भारतीय महिला क्रिकेट टीम से कहा है कि वे प्रशंसकों की उम्मीदों के दबाव में न आएं और हालात के मुताबिक अपना खेल दिखाएं। टीम 30 सितंबर से शुरू हो रहे टूर्नामेंट में खिताब जीतने की कोशिश करेगी, जिससे लंबे समय से चली आ रही ट्रॉफी की प्यास बुझ सके।
आईसीसी के एक कार्यक्रम में युवराज ने कहा कि हर खिलाड़ी के भीतर यह विश्वास होना चाहिए कि वह अपने दम पर टीम को जीत दिला सकता है। उन्होंने कहा, “उम्मीदों के हिसाब से नहीं, हालात के हिसाब से खेलें। यह इतिहास बनाने का सुनहरा मौका है, लेकिन शुरुआत से ही सिर्फ खिताब के बारे में सोचने के बजाय पूरी प्रक्रिया का आनंद लें। मेहनत का फल ज़रूर मिलेगा।युवराज के अनुसार, बड़े टूर्नामेंट में दबाव स्वाभाविक है और ऐसे समय में अनुभव व आत्मविश्वास ही जीत की कुंजी होते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से आग्रह किया कि वे सिर्फ स्टार खिलाड़ियों जैसे हरमनप्रीत, स्मृति या जेमिमा पर निर्भर न रहें, बल्कि खुद को भी मैच जिताने वाला खिलाड़ी मानें।
महिला टीम की पूर्व कप्तान मिताली राज ने भी इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए कहा कि खिलाड़ियों को अपना 100 प्रतिशत देना चाहिए और दर्शकों के समर्थन से मनोबल बढ़ाना चाहिए, न कि उम्मीदों के बोझ से दबना चाहिए। उन्होंने याद दिलाया कि 2017 का महिला विश्व कप महिला क्रिकेट के लिए भारत और दुनिया भर में अहम मोड़ था, जिसमें सोशल मीडिया और आईसीसी के प्रयासों ने बड़ी भूमिका निभाई।