नूंह | नूंह जिले के फिरोजपुर झिरका थाना क्षेत्र में राजस्थान सीमा पर मंगलवार को हुई झगड़े की घटना में नूंह पुलिस ने तेज कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लुकमान, जुबैर, उमरदीन, सकरूल्ला खां और रुस्तम के रूप में हुई है। सभी आरोपी राजस्थान के हाजीपुर थाना नौगांवा जिले के निवासी हैं।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि बाकी आरोपियों की तलाश के लिए तीन विशेष टीमें गठित कर लगातार दबिश दे रही हैं। सुरक्षा को देखते हुए घटनास्थल पर दो कंपनियां तैनात की गई हैं।
फिरोजपुर झिरका एसडीएम लक्ष्मी नारायण और डीएसपी अजायब सिंह की अगुवाई में बुधवार को पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई, जिसमें दोनों समुदायों के प्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों ने भाग लिया। बैठक में सभी से आपसी भाईचारे को बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की गई।
पुलिस अधीक्षक नूंह ने खुद मौके का निरीक्षण कर नागरिकों से शांति बनाए रखने की अपील की। पुलिस प्रशासन ने चेतावनी दी है कि अफवाह फैलाने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के अनुसार झगड़ा हरियाणा-राजस्थान बॉर्डर पर गाड़ी खड़ी करने को लेकर हुआ था। नूंह पुलिस ने तुरंत संज्ञान लिया और स्थिति को नियंत्रण में कर इलाके में शांति बनाए रखी। वर्तमान में बाजार, यातायात और अन्य गतिविधियां सामान्य रूप से चल रही हैं।