चरखी दादरी | गुजरात में ड्यूटी के दौरान हार्ट अटैक से शहीद हुए बीएसएफ जवान वेदपाल का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार हुआ। मंगलवार को उनकी पार्थिव देह पैतृक गांव मिसरी पहुंची, जहां बेटे शशांक ने चिता को मुखाग्नि दी।
दिल्ली से बीएसएफ की टुकड़ी सब-इंस्पेक्टर मेवा सिंह के नेतृत्व में गांव पहुंची और वीर जवान को सलामी देकर अंतिम विदाई दी। अंतिम संस्कार में बौंद कलां एसएचओ सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे और शहीद जवान को श्रद्धांजलि अर्पित की।
बीएसएफ के एसआई मेवा सिंह ने बताया कि वेदपाल लगभग 56 वर्ष के थे और 1989 में बीएसएफ में भर्ती हुए थे। वर्तमान में वह हवलदार के पद पर अहमदाबाद में तैनात थे। उनकी वीरता और समर्पण के लिए अधिकारियों और ग्रामीणों ने उन्हें याद किया।
शहीद वेदपाल की मौत से जिले में शोक की लहर है। स्थानीय प्रशासन और बीएसएफ अधिकारियों ने परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन दिया। जवान के साहस और सेवा के लिए पूरे क्षेत्र ने उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।