अंबाला | आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू की धमकी के बाद रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। बुधवार देर रात अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन पर RPF और GRP की संयुक्त टीम ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया।
चेकिंग के दौरान आने-जाने वाली हर ट्रेन, प्लेटफार्म पर बैठे यात्री और स्टेशन परिसर की गहन जांच की गई। GRP पोस्ट इंचार्ज रविंद्र सिंह ने बताया कि पन्नू ने 15 अगस्त को अमृतसर से दिल्ली जाने वाली ट्रेनों में हादसा करने की धमकी दी है। इसी वजह से स्टेशन पर चौकसी बढ़ाई गई है।
उन्होंने बताया कि यह अभियान पूरी रात जारी रहेगा और स्वतंत्रता दिवस पर स्टेशन की सुरक्षा चाक-चौबंद रहेगी। सुरक्षा एजेंसियां यात्रियों को जागरूक भी कर रही हैं कि किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस को दें।