पिपली | मुख्यमंत्री नायब सैनी ने प्रजापति समाज से आह्वान किया कि वे अपनी पारंपरिक कला को आधुनिक तकनीक से जोड़ते हुए इसे और सशक्त बनाएं। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर उत्पादों की गुणवत्ता और आकर्षण बढ़ाने से प्रजापति समाज की कला की मांग न केवल देश, बल्कि विदेशों तक होगी।
मुख्यमंत्री सैनी बुधवार को पिपली में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में बोल रहे थे, जहां प्रदेशभर के प्रजापति समाज के परिवारों को पात्रता प्रमाण पत्र बांटे गए। इस अवसर पर करीब एक लाख परिवारों को भूमि पात्रता प्रमाण पत्र जारी किए गए, जिसके तहत 1700 गांवों में प्रजापति समाज को मिट्टी खुदाई का सामूहिक अधिकार दिया गया।
सीएम ने कहा कि ये प्रमाण पत्र प्रजापति समाज को अपने कार्य को निर्बाध रूप से करने की कानूनी शक्ति प्रदान करते हैं। कार्यक्रम में विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री सैनी की सोच है कि प्रजापति समाज की कला को गांवों से निकालकर विदेशों तक पहुंचाया जाए। वहीं, कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि प्रजापति समाज द्वारा बनाए गए बर्तनों में पंचतत्व मौजूद रहते हैं, जो स्वास्थ्य के लिए लाभकारी हैं।
मुख्यमंत्री सैनी ने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि पिछली सरकारों ने प्रजापति समाज के कार्यस्थलों पर कब्जे करवाकर इनके रोजगार छीनने का प्रयास किया। गांवों में प्लॉट काटकर इस समाज को रोजगार से वंचित किया गया, जिससे इनकी रोजी-रोटी लगभग ठप हो गई।