चरखी दादरी | पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक को केंद्र सरकार से सम्मान न मिलने पर फोगाट खाप समेत कई पंचायत खापों में गहरी नाराजगी है। खाप नेताओं ने दादरी के स्वामी दयाल धाम में बैठक कर निर्णय लिया कि उत्तर भारत की खापें एकजुट होकर सत्यपाल मलिक को भारत रत्न या कोई बड़ा राष्ट्रीय सम्मान दिलाएंगी। इसके लिए 7 सितंबर को सोनीपत के छछरौली में महापंचायत बुलाई गई है।
फोगाट खाप के प्रधान सुरेश फोगाट की अध्यक्षता में हुई बैठक में अठगामा, सतगामा, हवेली, चिड़िया और श्योराण खापों के पदाधिकारी भी शामिल हुए। बैठक में केंद्र सरकार द्वारा पूर्व राज्यपाल को राजकीय सम्मान न देने पर नाराजगी जताई गई और आगामी रणनीति पर चर्चा की गई।
सुरेश फोगाट ने कहा कि खाप पंचायतें सत्यपाल मलिक के परिवार को भारत रत्न या बड़ा सम्मान देंगी। महापंचायत में सम्मान देने का समय और स्थान तय किए जाएंगे और कई अहम फैसले लिए जाएंगे। उन्होंने केंद्र सरकार को चेतावनी दी कि यदि राजकीय सम्मान नहीं दिया गया तो खापें इसे उजागर करेंगी। फोगाट ने कहा कि हिरोइनों को सम्मान मिल जाता है, लेकिन सैनिकों और राजनेताओं को क्यों नहीं, इसलिए इसके लिए स्पष्ट मानदंड बनाए जाने चाहिए।