नूंह | नूंह जिले के नगीना, पिनगवां और फिरोजपुर झिरका ब्लॉकों की सरपंच एसोसिएशन ने कांग्रेस विधायक मामन खान का बहिष्कार करने का ऐलान कर दिया है। दरअसल, विधायक ने विधानसभा में पंचायतों के कामकाज और खातों को लेकर एक तारांकित प्रश्न पूछा था, जिससे सरपंचों में नाराजगी फैल गई।
सरपंच क्यों भड़के?
12 अगस्त को जिला परिषद के सीईओ ने सभी सरपंचों को पत्र भेजकर कहा कि विधायक द्वारा पूछे गए प्रश्न से जुड़ी जानकारी 24 घंटे में दें। यह आदेश मिलते ही सरपंचों ने इसे अपनी प्रतिष्ठा पर चोट माना और तुरंत बैठक कर विधायक के बहिष्कार की घोषणा कर दी।
रातों-रात पत्र लिखकर वापस लिया सवाल
विवाद बढ़ता देख विधायक मामन खान ने आधी रात को विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण को पत्र भेजकर अपना सवाल वापस ले लिया। हालांकि तब तक सरपंचों का गुस्सा शांत नहीं हुआ।
132 पंचायतें शामिल
इन तीनों ब्लॉकों में करीब 150 गांव और 132 पंचायतें आती हैं। सभी पंचायतों की एसोसिएशन ने विधायक के खिलाफ एकजुट होकर मोर्चा खोल दिया है।