सादिक | शहर में लगातार बढ़ रही चोरी की वारदातों ने व्यापारियों की नींद उड़ा दी है। महज एक महीने के भीतर तीसरी बड़ी चोरी ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
ताज़ा मामला बीती रात का है, जब अज्ञात चोरों ने बालाजी मोबाइल की दुकान की छत तोड़कर वहां से करीब एक लाख रुपये के नए और पुराने मोबाइल चुरा लिए। सुबह चोरी का पता लगते ही इलाके के दुकानदारों में भारी गुस्सा फैल गया।
आक्रोशित व्यापारियों ने तुरंत व्यापार मंडल की हंगामी बैठक बुलाई। अध्यक्ष सुरिंदर सेठी ने कहा कि पहले से ही मंदी की मार झेल रहे दुकानदारों को लगातार हो रही चोरियों ने मुश्किलों में डाल दिया है। उन्होंने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि ठोस कार्रवाई न होने से चोरों के हौसले बुलंद हो रहे हैं।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि चोरी की घटनाओं पर अंकुश नहीं लगाया गया तो 16 अगस्त, शनिवार से सादिक की सभी दुकानें अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दी जाएंगी। इसके साथ ही व्यापारी सुबह 10 बजे चक्का जाम कर रोष प्रदर्शन करेंगे।
बैठक में अपार संधू, डॉ. हरणेक सिंह भुल्लर, अनुप गखड़, जगदेव सिंह ढिल्लों, राजू गखड़, सुरिंदर छिंदा, विनीत सेठी (प्रधान करियाना यूनियन), अमनदीप सिंह, फलविंदर मक्कड़ समेत कई व्यापारी मौजूद रहे।