19 August, 2025
कजाकिस्तान के शिमकेंट में चल रही एशियाई निशानेबाजी चैंपियनशिप में भारत का शानदार प्रदर्शन जारी है। पेरिस ओलंपिक में कांस्य पदक जीत चुकीं मनु भाकर ने महिला 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल किया। फाइनल में उन्होंने 219.7 अंक जुटाए और तीसरे स्थान पर रहीं। चीन की कियानके मा (243.2 अंक) ने स्वर्ण और कोरिया की यांग जिन (241.6 अंक) ने रजत पदक जीता।
मनु ने क्वालिफिकेशन राउंड में भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए तीसरे स्थान पर रहते हुए फाइनल में प्रवेश किया था।भारत ने इससे पहले प्रतियोगिता में शानदार शुरुआत की थी। पहले दिन कपिल बैंसला ने जूनियर पुरुष एयर पिस्टल में स्वर्ण पदक जीता। इसके बाद भारत ने कुल दो स्वर्ण और तीन रजत पदक और अपने नाम किए।सोमवार को अनमोल जैन, सौरभ चौधरी और आदित्य मालरा की भारतीय तिकड़ी ने पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल टीम स्पर्धा में रजत पदक जीता। इस टीम ने 1,735-52x अंक जुटाए और चीन के निशानेबाजों के बाद दूसरे स्थान पर रही।इसके अलावा, युवा वर्ग में भी भारत ने बाजी मारी। गिरीश गुप्ता ने पुरुष युवा 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में 241.3 अंक के साथ स्वर्ण पदक जीता। वहीं, भारत के ही देव प्रताप (238.6 अंक) ने रजत पदक हासिल किया।
एशियाई चैंपियनशिप में भारत के 35 सीनियर निशानेबाज 15 स्पर्धाओं में पदक के लिए चुनौती पेश कर रहे हैं, जबकि 129 जूनियर खिलाड़ी भी इस प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहे हैं।